![]()
लातेहार जिले में टीएसपीसी उग्रवादी संगठन ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास किया है। मनिका थाना क्षेत्र के माइल गांव में एक युवती पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसके घर पर धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया है। यह घटना सेमरहट टोला स्थित कमलेश प्रसाद के घर पर हुई। पोस्टर में कमलेश की बेटी सीमा कुमारी पर पुलिस को संगठन की गतिविधियों की जानकारी देने का आरोप लगाया गया है। पोस्टर में खुद को टीएसपीसी का सब-जोनल कमांडर नवीन जी बताते हुए लोहरदगा-लातेहार-महुआडांड़-गारू, गुमला-पलामू सीमांत जोनल कमेटी की ओर से यह चेतावनी जारी की गई है। गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी पोस्टर में युवती और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। परिवार को चेतावनी दी गई है कि सीमा कुमारी को घर से निकाल दिया जाए, अन्यथा उसके खिलाफ ‘फौजी कार्रवाई’ की जाएगी। इसके अलावा, यह भी धमकी दी गई है कि यदि युवती को घर से नहीं हटाया गया तो पूरे घर में आग लगा दी जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी परिवार की होगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि पोस्टर किसने और किन परिस्थितियों में चिपकाया। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि पुलिस पारिवारिक विवाद के पहलू पर भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया जाता है कि कमलेश की पत्नी राधिका देवी लातेहार जिला सांख्यिकी विभाग में डेली बेसिस पर कार्यरत हैं। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

