लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत टमटम टोला के पास सड़क किनारे खड़े हाइवा में एक अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार जुल्फिकार आलम हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय भतीजा मोहम्मद कुनेन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बालूमाथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. संजय सिद्धार्थ ने प्राथमिक उपचार के बाद जुल्फिकार आलम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहम्मद कुनेन का प्राथमिक इलाज करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। चतरा जाते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जुल्फिकार आलम अपने भतीजे के साथ कार से रांची से अपने घर चतरा जा रहे थे। इसी दौरान टमटम टोला के पास सड़क किनारे खड़े हाइवा में कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद बालूमाथ पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


