![]()
रंगरा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव कोसी नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान लोकमानपुर निवासी आसिन खातून (15) के रूप में हुई है, जो शेख तैयब की बेटी थी। परिजनों ने बताया कि आसिन खातून 9 अप्रैल की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच अपने घर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो 12 अप्रैल को नदी थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार शाम करीब 5 बजे रंगरा थाना क्षेत्र के जहांगीर बैसी गांव के पास कोसी नदी में एक किशोरी का शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान लापता आसिन खातून के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारी विश्व बंधु कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। उन्होंने पुष्टि की कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।


