![]()
बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घर के बाहर खड़े युवक पर की फायरिंग घायल की पहचान लालगंज गांव निवासी गोवर्धन साह के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनू अपने घर के दरवाजे के पास खड़ा था, तभी पीछे से आए अज्ञात बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के कारणों का नहीं चला पता स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना अधिवक्ता संघ के महासचिव बिंदेश्वरी प्रसाद पांडे के आवास के समीप हुई। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। देर रात तक पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

