![]()
गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड स्थित लोकायनयनपुर थाना क्षेत्र के लेढवा पहाड़ी जंगल में मंगलवार को सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जंगल के रास्ते से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने सबसे पहले सड़क किनारे पड़े अधजले शव को देखा। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोकायनयनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के जंगल और सड़क किनारे साक्ष्य जुटाने के लिए तलाशी अभियान चला रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और की गई होगी और फिर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाकर लेढवा पहाड़ी जंगल में फेंका गया है। महिला की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ-साथ क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।


