Friday, October 2, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन: 1163 करोड़ का टेंडर जारी, नवगछिया से जुड़ेगा देवघर और सीमांचल

पूर्व मध्य रेलवे ने विक्रमशिला-कटरिया नई रेल लिंक परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. रेलवे के निर्माण संगठन ने करीब तैंतीस किलोमीटर लंबे इस नए रेलखंड के निर्माण के लिए ग्यारह सौ तिरसठ करोड़ रुपये से अधिक का ई-टेंडर जारी कर दिया है. इस बड़ी पहल से कोसी, सीमांचल और संताल परगना के रेल नेटवर्क में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है.

गंगा नदी पर बनेगा विशाल रेल पुल

इस पूरी परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण हिस्सा बटेश्वरस्थान के समीप गंगा नदी पर प्रस्तावित नया रेल पुल है. इस विशाल पुल और नई रेल लाइन के बनकर तैयार हो जाने के बाद नवगछिया का रेल नेटवर्क सीधे विक्रमशिला से जुड़ जाएगा. इसके साथ ही शिवनारायणपुर वाई-लिंक तथा कटरिया वाई-लिंक से नवगछिया तक सीधा और निर्बाध रेल संपर्क भी विकसित किया जाएगा.

चार वर्ष के भीतर पूरा होगा निर्माण

रेलवे द्वारा जारी निविदा की अंतिम तिथि 27 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है. टेंडर आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को 1460 दिनों यानी करीब 04 वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस महात्वाकांक्षी परियोजना में मिट्टी भराई, छोटे-बड़े पुलों का निर्माण, रेल ओवरब्रिज, अंडरपास, नए प्लेटफॉर्म और स्टेशन भवनों का निर्माण कार्य शामिल है. यह पूरा ढांचा पच्चीस टन भारतीय रेलवे मानक लोडिंग क्षमता के अनुरूप तैयार किया जाएगा.

सीमांचल से बाबा धाम का सफर होगा आसान

इस रेल लाइन के शुरू होने से पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जैसे सीमांचल के जिलों का सीधा संपर्क झारखंड के संताल परगना से हो जाएगा. इसका सबसे अधिक लाभ देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम आने वाले शिवभक्तों और आम श्रद्धालुओं को मिलेगा. कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को अब भागलपुर और नवगछिया होकर देवघर पहुंचने का एक सीधा और बेहद सुगम रेल विकल्प मिल सकेगा, जिससे उनके समय की भारी बचत होगी.

सांसद निशिकांत दुबे ने जताई खुशी

इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना के टेंडर जारी होने पर गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने अपार हर्ष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह कदम पूरे क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा. सांसद ने बताया कि गंगा पुल बनने के बाद गोड्डा और देवघर की कनेक्टिविटी सीमांचल के जिलों से काफी बेहतर हो जाएगी, जिससे संताल परगना को एक नया और शानदार रेल बाईपास मिल जाएगा.

The post विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन: 1163 करोड़ का टेंडर जारी, नवगछिया से जुड़ेगा देवघर और सीमांचल appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles