![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल बोकारो में शुक्रवार को भारत विज्ञान यात्रा के सहयोग और एटीसी टीम के समन्वय से दो दिवसीय विज्ञान कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कक्षा आठवीं, नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें वैज्ञानिक प्रयोगों और उनके व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराना है। कार्यशाला में भारत विज्ञान यात्रा के संस्थापक, रसायन विज्ञान के व्याख्याता एवं शोधकर्ता एसटी अली ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को दैनिक जीवन में होने वाली वैज्ञानिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर देना है। व्यावहारिक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान को सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से सीख सकते हैं। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के अध्यक्ष पी. राजगोपाल ने कहा कि विज्ञान से संबंधित प्रत्यक्ष प्रयोगों और प्रदर्शन से विद्यार्थियों को नई जानकारियां हासिल करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन बच्चों की जिज्ञासा बढ़ाने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होते हैं। विशिष्ट अतिथि वाइस चेयरमैन शशि करात ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ उसके व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। इससे उनमें प्रयोगात्मक कौशल, वैज्ञानिक जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने में मदद मिलेगी।
विज्ञान के प्रयोगों व प्रदर्शन से विद्यार्थियों में विकसित होगी वैज्ञानिक सोच : राजगोपाल
