भास्कर न्यूज | विभूतिपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में नल-जल योजना पूरी तरह चरमराई हुई है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या विकराल होती जा रही है। लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि आम लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी पानी के अभाव में बेहाल हैं। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अमरजीत ठाकुर ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर नल-जल योजना को शीघ्र चालू कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि प्रखंड के कई पंचायतों के वार्डों में मोटर खराब है या जलापूर्ति बाधित है, जिससे लोगों को मजबूरन दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। खास टभका उत्तर पंचायत के वार्ड 3 समेत कई जगहों पर मोटर बदलने की आवश्यकता है। वहीं टभका दक्षिण पंचायत, नरहन पंचायत, महिषी पंचायत, देसरी कर्रख पंचायत, विभूतिपुर पूरब पंचायत,केराई पंचायत, महमदपुर सकरा पंचायत, विभूतिपुर उत्तर पंचायत, सिंघिया बुजुर्ग उत्तर सहित अन्य पंचायतों के कई वार्डों में नल-जल योजना बंद पड़ी है। कुछ जगहों पर मोटर जली हुई है तो कहीं पाइपलाइन की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। डीएम से जल्द मोटर ठीक कराने की मांग की गई है।


