गावां| गावां प्रखंड के कोहवरवा गांव में सोमवार को वज्रपात की चपेट में आने से 35 वर्षीय हलिमा खातून गंभीर रूप से झुलस गईं। वह कोहवरवा निवासी उस्मान मियां की पत्नी हैं।जानकारी के अनुसार, हलिमा खातून मवेशी चराने गांव से कुछ दूर गई थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ महुआ के पेड़ पर वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिजन उसे कोडरमा सदर अस्पताल ले गए। नवडीहा| नवडीहा ओपी क्षेत्र के अंबाटांड़ गांव में रविवार को 37 वर्षीय गायत्री देवी की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति मनोज महतो और उसकी दूसरी पत्नी संगीता देवी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। मामले में मृतका के भाई पंकज कुमार वर्मा के आवेदन पर जमुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में पति मनोज महतो, दूसरी पत्नी संगीता देवी, सास देवंती देवी, भैंसूर बिनोद महतो, देवर दिलीप वर्मा, गोतनी गुड़िया देवी, गोतनी पिंकी देवी और रिश्तेदार रिना देवी पर दहेज के लिए हत्या का आरोप है। भाई पंकज कुमार वर्मा के अनुसार, गायत्री की शादी 15 साल पहले मनोज महतो से हुई थी। शादी में 4 लाख रुपए नकद और गहने दिए गए थे। दो बेटियों के जन्म के बाद ससुराल वाले 5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने लगे। वर्ष 2020 में मनोज ने संगीता देवी से दूसरी शादी कर ली, जिसे 3 अप्रैल 2020 को पंचायत में मान्यता दी गई। तीन साल पहले तीसरी बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। 25 जुलाई को परिजनों ने उसे समझाकर ससुराल छोड़ा था, जहां फिर 5 लाख रुपए की मांग की गई।

