![]()
अररिया में वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज डॉक्टरों ने सोमवार शाम कोषागार कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। डॉक्टरों ने जल्द वेतन भुगतान की मांग करते हुए अधिकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। बायोमेट्रिक हाजिरी से वेतन रोकने का आरोप डॉक्टरों का आरोप है कि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बायोमेट्रिक हाजिरी लगाने की शर्त पूरी नहीं होने के कारण उनका वेतन रोका जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में उनकी ड्यूटी महज आठ घंटे तक सीमित नहीं रहती। मरीजों की जरूरत और आपात स्थिति को देखते हुए उन्हें 24 घंटे उपलब्ध रहना पड़ता है। ऐसे में बायोमेट्रिक हाजिरी को वेतन भुगतान से जोड़ना उचित नहीं है। दूसरे जिलों में वेतन, अररिया में क्यों रोका? डॉ. अजय कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मी भी 24 घंटे की ड्यूटी करते हैं। इसके बावजूद दूसरे जिलों में डॉक्टरों को वेतन का भुगतान किया जा रहा है, जबकि अररिया में वेतन रोक दिया गया है। उन्होंने इसे डॉक्टरों के साथ अन्याय बताया और जल्द भुगतान की मांग की। डीएम को दी गई थी जानकारी डॉक्टरों ने बताया कि वेतन भुगतान का मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में भी दिया गया था। डीएम की ओर से समस्या के समाधान का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हो सका है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण डॉक्टरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोषागार पदाधिकारी को दिया समय डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने कोषागार पदाधिकारी से बातचीत कर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पदाधिकारी को एक घंटे का समय दिया है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि अगर 24 घंटे के भीतर वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो ज्ञापन सौंपने के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। डॉक्टरों का कहना है कि वेतन रोके जाने की स्थिति में लंबे समय तक काम करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान डॉ. अजय कुमार, डॉ. मोइज़, डॉ. पीके निराला, डॉ. रोहित, डॉ. राजीव प्रकाश, डॉ. मारकंडे, डॉ. पंकज और डॉ. प्रदीप समेत कई डॉक्टर मौजूद रहे।
वेतन नहीं मिला तो हड़ताल पर जाएंगे डॉक्टर:अररिया में 24 घंटे का अल्टीमेटम,बायोमेट्रिक हाजिरी की शर्त से वेतन रोके जाने का आरोप
