
West Bengal SIR Controversy Samik Bhattacharya: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के बीच पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने प्रदेश में फिर से SIR कराने की मांग की है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने दावा किया है कि पिछली बार हुई एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासन में हिंसा, आगजनी और धांधली की गयी थी. इसकी वजह से पूरी सूची पर सवालिया निशान लग चुका है.
‘दस्तावेज जलाये गये, बीडीओ और बीएलए पर हुए हमले’
एसआईआर की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच भाजपा नेता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि एसआईआर के दौरान आम जनता और पात्र मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज छीनकर खुलेआम जला दिये गये थे. इतना ही नहीं, ड्यूटी में तैनात प्रखंड विकास अधिकारियों (BDOs), आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और भाजपा के बूथ स्तर के एजेंटों (BLAs) पर जानलेवा हमले किये गये थे. सरकारी कार्यालयों के दस्तावेजों को जला दिया गया था.
ज्ञानेश कुमार को मिलना चाहिए सम्मान : बीजेपी
विपक्षी दलों द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर लगाये जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों को खारिज किया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर निराधार आरोप लगाये जा रहे हैं. उन्हें बंगाल में पारदर्शी और भयमुक्त चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाना चाहिए. शमिक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर का एक और निष्पक्ष दौर बेहद जरूरी है, क्योंकि पिछला दौर हिंसा की भेंट चढ़ गया था.
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने टीएमसी से पूछा- SIR में नाम कटने के आधार पर बंगाल में फिर से चुनाव का दे सकते हैं आदेश?
एसआईआर के खिलाफ आंदोलन के पीछे ‘नकारे गये नेता’ : शमिक
पश्चिम बंगाल में इस मुद्दे पर हो रहे राजनीतिक आंदोलनों और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनों पर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को विरोध का हक है. लेकिन इस कथित आंदोलन को वे हताश राजनीतिक चेहरे चला रहे हैं, जिन्हें बंगाल की जनता चुनावों में पूरी तरह नकार चुकी है. इस आंदोलन को आम जनता का समर्थन नहीं है.
ये भी पढ़ें: CJP आंदोलन: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की लड़ाई या मतदाताओं के हक की बात? SIR से जुड़े 5 सवालों के जवाब जानना जरूरी
The post शमिक भट्टाचार्य बोले- बंगाल में नये सिरे से हो SIR, TMC सरकार में जला दिये गये थे दस्तावेज appeared first on Prabhat Khabar.
