![]()
मुंगेर में देसी शराब जब्त करने के बाद केस दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने जांच के आदेश दिए हैं। मामला गंगा पार सीताचरण दियारा क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 18 सितंबर को मुफस्सिल थाना पुलिस ने यहां छापेमारी कर अवैध देसी शराब जब्त की थी। वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी नाव से शराब लेकर लौटते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि शराब जब्त किए जाने के बाद भी अब तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मुख्यालय DSP करेंगे जांच एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले की जांच की जिम्मेदारी मुख्यालय DSP अर्जुन गुप्ता को दी है। जांच टीम वायरल वीडियो की सत्यता, शराब जब्ती की कार्रवाई और इसमें शामिल पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करेगी। इसके अलावा जब्त शराब से जुड़ी कागजी प्रक्रिया और कार्रवाई के दौरान अपनाए गए नियमों की भी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई जांच में यदि वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं और कार्रवाई में नियमों की अनदेखी सामने आती है, तो संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पहले भी लगाए जाते रहे हैं मिलीभगत के आरोप शराबबंदी के बाद जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जाती रही है। वहीं, स्थानीय स्तर पर शराब कारोबारियों के साथ पुलिस की मिलीभगत के आरोप भी समय-समय पर लगाए जाते रहे हैं। हालांकि, ऐसे आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है। दियारा, पहाड़ी और जंगली इलाकों में अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी स्थानीय लोगों की शिकायतें सामने आती रही हैं। मौजूदा मामले में जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई गई कार्रवाई नियमों के अनुसार थी या नहीं। जांच के लिए मुख्यालय DSP को जिम्मेदारी दी गई एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि वीडियो उन्हें भी किसी माध्यम से प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए मुख्यालय DSP को जिम्मेदारी दी गई है। जल्द ही जांच रिपोर्ट प्राप्त होगी। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
शराब जब्ती के बाद FIR नहीं होने का आरोप:मुंगेर में वीडियो सामने आया, नाव से शराब ले जाते दिखे पुलिसकर्मी; SP ने दिए जांच के आदेश
