
कोलकाता से अमर शक्ति प्रसाद की रिपोर्ट
पड़ोसी राज्य ओडिशा के आंतरिक हिस्सों के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून के कारण पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में शुक्रवार को बहुत भारी बारिश हुई और दार्जिलिंग जिले में भूस्खलन हुआ. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने शनिवार तक राज्य के कई हिस्सों में और बारिश होने का अनुमान जताया है.
तड़के करीब तीन बजे हुआ भूस्खलन
जिलाधिकारी हरिशंकर पाणिकर ने बताया कि भूस्खलन तड़के करीब तीन बजे हुआ जिससे तकदाह ग्रामीण अस्पताल प्रभावित हुआ. इसमें एक मरीज के परिजन को मामूली चोट आयी. उन्होंने फोन पर कहा कि घटना में किसी भी मरीज को चोट नहीं लगी और कुछ ही देर बाद सभी मरीजों को जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया.
जल्द हटा दिया गया मलबा
जिलाधिकारी ने बताया कि दार्जिलिंग जिले के कुछ अन्य स्थानों पर भी भूस्खलन हुए, लेकिन मलबा जल्द हटा दिया गया और ज्यादातर सड़कें यातायात के लिए खुली रहीं. आइएमडी के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में दार्जिलिंग में 153 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जो राज्य में सबसे अधिक थी. वहीं कालिम्पोंग में 113 मिमी बारिश हुई.
दार्जिलिंग में भारी से बहुत भारी बारिश
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग में भारी से बहुत भारी बारिश और उसके बाद रविवार तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भी इसी तरह के मौसम की संभावना है. मौसम विभाग ने भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में भूस्खलन की आशंका जतायी है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इन जगहों में लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक राज्य के पश्चिमी जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भी भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. आंकड़ों के अनुसार, सिलीगुड़ी में 84 मिमी, बागडोगरा में 80 मिमी, मेदिनीपुर में 74 मिमी, कलाईकुंडा में 54 मिमी और पुरुलिया में 56 मिमी बारिश दर्ज की गयी. इस दौरान कोलकाता में 36 मिमी और पड़ोसी जिले दमदम में 32 मिमी बारिश हुई.
The post दार्जिलिंग में लैंडस्लाइड से अस्पताल प्रभावित, बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी appeared first on Prabhat Khabar.
