Monday, June 15, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

शहीद शुभम के दादा बोले- उसको सरकार ने मारा:परिवार कर्कट के मकान में, लोन लेकर घर बनवा रहे; लेफ्टिनेंट गर्लफ्रेंड से होनी थी शादी


“उसको सरकार ने मारा है। 40 साल पुराना विमान रखकर जवानों की जान लेते हैं। हमारा पेंशन बंद कर दो, सरकार की तरफ से जो सुविधाएं मिल रही हैं, सब बंद कर दो। हमलोग कमा कर खा लेंगे, लेकिन वीर जवानों को सुविधा दो, ऐसे मरने मत दो।” जहानाबाद के शहीद एयरफोर्स जवान शुभम कुमार के दादा योगेंद्र शर्मा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में अपना दर्द बयां किया। शनिवार को असम के जोरहाट में वायुसेना के ट्रांसपोर्ट विमान क्रैश में जहानाबाद के 25 वर्षीय लेफ्टिनेंट शुभम कुमार शहीद हो गए। उनका अंतिम संस्कार रविवार को गयाजी के विष्णुपद श्मशान घाट पर किया गया। शुभम की पढ़ाई-लिखाई और पारिवारिक हालात कैसे थे? उन्होंने पहले ही प्रयास में NDA कैसे क्रैक किया? फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रेमिका से उनकी कहां और कैसे मुलाकात हुई? शहीद शुभम के दादा योगेंद्र शर्मा सरकार और सिस्टम की लापरवाही पर क्यों भड़के? पढ़िए रिपोर्ट… पहले शहीद लेफ्टिनेंट शुभम के अंतिम संस्कार की कुछ तस्वीरें देखिए… छोटे भाई ने दी शहीद शुभम को मुखाग्नि शहीद जहानाबाद के शुभम का भी पार्थिव शरीर रविवार शाम पैतृक गांव पहुंचा। गांव पहुंचने के बाद शहीद शुभम कुमार मां अपने बेटे की बॉडी से लिपटकर रोने लगी। इस दौरान शहीद शुभम अमर रहे के नारे लगते रहे। गयाजी में विष्णुपद श्मशान घाट पर शहीद लेफ्टिनेंट शुभम का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद को छोटे भाई छोटू ने मुखाग्नि दी। अब घटना से जुड़ी तस्वीरें देखें… मैट्रिक-इंटर में 90 पर्सेंट से ऊपर, पहले अटेम्प्ट में NDA पास फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार जहानाबाद के हुलासगंज थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव के रहने वाले थे। वह दो भाइयों में बड़े थे। शुभम कुमार के पिता अमरेंद्र आनंद किसान हैं और मां हाउस वाइफ हैं। पिता अमरेंद्र ने कहा कि घर के बड़े बेटे होने के नाते वह बहुत जल्दी जिम्मेदारियां समझ गए थे। उन्होंने बड़ी लगन से पढ़ाई की। केजी से पांचवीं तक की पढ़ाई जहानाबाद के रामजी जीएस पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद छठीं कक्षा में उनका आंध्र प्रदेश के सैनिक स्कूल में एडमिशन हुआ। वहीं से उन्होंने मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई पूरी की। दोनों परीक्षाओं में उन्हें 90 प्रतिशत से अधिक अंक मिले। साल 2017 में शुभम ने पहले ही प्रयास में NDA पास कर लिया। इस दौरान रिश्तेदार और दूर-दराज से जानने वाले लोग घर आए और बधाई दी। घर की खुशियां चरम पर थीं। 3 साल तक बेटे की पुणे में ट्रेनिंग चली 2018 से 2021 तक उन्हें पुणे में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया। ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली पोस्टिंग हैदराबाद में हुई, जहां वह 11 महीने तक फ्लाइट लेफ्टिनेंट के तौर पर रहे। इसी दौरान उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की रहने वाली एक फ्लाइट लेफ्टिनेंट से हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। हैदराबाद के बाद शुभम की ड्यूटी गुजरात में हो गई, लेकिन इस दौरान भी वह अपनी फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रेमिका के संपर्क में रहे। गुजरात के बाद शुभम की पोस्टिंग असम में हुई। यहीं उनकी आखिरी पोस्टिंग थी। पिता ने कहा कि असम आने के बाद हमलोग खुश थे, क्योंकि घर नजदीक हो गया था। बेटे से मिलने या बेटे के घर आने में समय कम लगता था। 2025 में जहानाबाद में रिश्ता देखा, तो मना कर दिया साल 2025 में हमलोगों ने उसके लिए एक रिश्ता देखा और उसे बताया कि अब शादी कर लो। मेरे कहने के दो दिन बाद ही उसने मां से कहलवाया कि वह किसी लड़की को पसंद करता है और वह भी सेना में लेफ्टिनेंट है। जब हमने यह सुना तो हमें खुशी हुई। इसके बाद हमलोगों ने उसकी मर्जी वाली लड़की से शादी की बातचीत को आगे बढ़ाया। लड़की के परिजनों से मुलाकात हुई। दोनों परिवारों में सबकुछ खुशी-खुशी तय हो गया। दिसंबर 2025 में शादी की तारीख भी तय कर दी गई थी। लेकिन इसी बीच मेरी मां, यानी शुभम की दादी का निधन हो गया। इसके बाद हमलोगों ने शादी को एक साल के लिए टाल दिया। अधिकारी ने दूसरी बार फोन कर डेथ कन्फर्म की शुभम के छोटे भाई छोटू ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे भैया से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। वह कह रहे थे कि बारिश तेज हो रही है। अभी जल्दबाजी में हूं, फ्री होने के बाद बात करूंगा। उस समय वह बिल्कुल सामान्य और खुश नजर आ रहे थे। इसके बाद सुबह 11 बजे एक अधिकारी का फोन आया। उन्होंने घटना की जानकारी दी और बताया कि भैया का भी निधन हो गया है। शुरुआत में हमलोगों को विश्वास नहीं हुआ। ऐसा लगा कि कोई गलत या भ्रामक सूचना होगी। इसके बाद दोबारा मेरे मोबाइल पर कॉल आया, जिसके बाद हादसे की पुष्टि हुई। यह सुनते ही मां बेहोश होने लगीं। पिता, दादा और पूरा परिवार सदमे में चला गया। ऐसा लगा जैसे पूरा परिवार टूट गया हो। दादा बोले- सरकार सिस्टम दुरुस्त करे, चाहे मेरी पेंशन बंद कर दे शुभम के दादा योगेंद्र शर्मा ने कहा कि शुभम हमारी बहुत बड़ी उम्मीद था। उसके साथ अभी बहुत सारी खुशियां बांटनी थीं। जाने की उम्र मेरी थी, लेकिन वह चला गया। दादा ने कहा कि न्यूज में सुना हूं कि मेरा पोता जिस विमान में था, वह 40 साल पुराना था। उसकी हालत ठीक नहीं थी, फिर भी उसका इस्तेमाल किया जा रहा था। यह पूरी तरह से सिस्टम की लापरवाही है। सरकार की व्यवस्था में खामियां हैं कि ऐसे जहाज का इस्तेमाल वीर जवानों के लिए किया जा रहा है, जो कभी भी संकट पैदा कर सकता है। मैं इतना कहता हूं कि चाहे मेरी पेंशन बंद कर दें, लेकिन सेना में इस्तेमाल होने वाले विमान और दूसरे उपकरण दुरुस्त रखें, ताकि वीर जवानों की शहादत न हो। नाना सरजू शर्मा ने बताया कि मेरे नाती की मौत के लिए सिर्फ सरकार जिम्मेदार है। देश की सेवा करने वाला ही देश में सुरक्षित नहीं है। एक वक्त के बाद इंसान काम का नहीं रहता, लेकिन हमारी सरकार पुराने विमान को मिशन पर भेज रही है। मेरा बच्चा बहुत प्यारा था। वह हर किसी की इज्जत करता था। 25 साल की उम्र में उसने बहुत कुछ हासिल कर लिया था। उसका नाम लेने पर सीना चौड़ा हो जाता था। मां बोलीं- पता नहीं था कि कभी लौटकर नहीं आएगा शहीद शुभम कुमार की मां पूनम देवी ने बताया, ‘शनिवार सुबह करीब 6 बजे बेटे का फोन आया था। उसने वीडियो कॉल पर कहा था, ‘मम्मी, हम मिशन पर जा रहे हैं। आप ठीक से रहिएगा और अपना ध्यान रखिएगा। 29 मई को वह घर से ड्यूटी पर गया था। हमें नहीं पता था कि मेरा बेटा आखिरी बार घर से जा रहा है और फिर कभी लौटकर नहीं आएगा। अगर यह पता होता तो मैं उसे जाने नहीं देती।’ शुभम की मां आगे कहती हैं कि उसकी शादी पहले दिसंबर में तय थी, लेकिन दादी के निधन के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। हमने सोचा था कि होली के बाद उसकी शादी करवा देंगे, लेकिन उससे पहले ही मेरा बेटा हमें छोड़कर चला गया। कर्कट के मकान में परिवार, लोन लेकर घर बनवा रहे ग्रामीण सोनल ने बताया कि शुभम का परिवार बहुत ही सामान्य था। परिवार की आर्थिक स्थिति उतनी अच्छी नहीं थी। बेटे को एयरफोर्स में नौकरी मिलने के बाद परिवार ने घर बनाने के लिए बैंक से लोन लिया था। नया घर अभी बन भी नहीं पाया है। फिलहाल परिवार कर्कट के मकान में रह रहा है। शादी और मकान, दोनों का सपना अधूरा रह गया।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles