नई जिंदगी की शुरुआत करते समय सीता देवी ने अपने पति से सिर्फ एक ही वादा लिया था—शराब नहीं पीने का। उसे उम्मीद थी कि प्रेम विवाह के बाद उसका घर खुशियों से भर जाएगा और दोनों मिलकर एक बेहतर जीवन की शुरुआत करेंगे। लेकिन शादी के महज 12 दिन बाद ही उसकी उम्मीदें टूट गईं। पति के बार-बार शराब पीकर घर लौटने से आहत होकर नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना अनगड़ा थाना क्षेत्र के पैका टुंगरीटोली की है। सोमवार देर रात 30 वर्षीय सीता देवी ने अपने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह अनगड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। 30 अप्रैल को पैका बनियानटोली निवासी सीता देवी की शादी पैका टुंगरीटोली निवासी सन्नी उरांव उर्फ सनील (40) के साथ हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक शादी के समय ही सीता ने पति से शराब नहीं पीने का संकल्प कराया था। वह चाहती थी कि उसका वैवाहिक जीवन नशे से दूर और शांतिपूर्ण रहे। लेकिन शादी के बाद भी सन्नी शराब का सेवन करता रहा। बताया जाता है कि दो दिन पहले सीता ने पति को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि वह फिर शराब पीकर घर आया तो उसे उसका मरा हुआ चेहरा देखना पड़ेगा। इसके बावजूद सोमवार को सन्नी मजदूरी कर लौटने के दौरान फिर शराब पीकर घर पहुंच गया। घर आते ही दोनों के बीच विवाद हुआ। देर रात सीता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

