सुपौल पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैय्यद शाहनवाज हुसैन ने मद्रास हाईकोर्ट द्वारा तमिलनाडु सरकार को गाय की कुर्बानी रोकने को लेकर दिए गए निर्देश का स्वागत किया है। गुरुवार को सुपौल स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि गौवध पर प्रतिबंध की मांग भाजपा लंबे समय से करती रही है और यह फैसला देशहित तथा सामाजिक सौहार्द के लिए महत्वपूर्ण है। भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा उन्होंने कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और बहुसंख्यक हिंदू समाज उसकी पूजा करता है। ऐसे में गायों की रक्षा करना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मद्रास हाईकोर्ट का यह आदेश संवेदनशीलता और सामाजिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दिया गया है, जिसका सभी को सम्मान करना चाहिए। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि 4 दिसंबर 1997 को पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता की मौजूदगी में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में गौवध पर प्रतिबंध को लेकर बड़ा सम्मेलन आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि तभी से वे लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं और देशभर में गौसंरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते रहे हैं। मुस्लिम समाज के लोग भी गौरक्षा के समर्थन भाजपा नेता ने कहा कि अब मुस्लिम समाज के कई लोग भी गौरक्षा के समर्थन में आगे आ रहे हैं और सामाजिक समरसता के साथ इस विषय को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि सभी समुदायों में कानून और सामाजिक भावनाओं के सम्मान को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बकरीद के दौरान देश के कई हिस्सों में गौकुर्बानी नहीं होने का संदेश गया है और लोगों ने शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाया। देश की ताकत विविधता और भाईचारे में सुपौल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को कानून का पालन करते हुए अपने त्योहार मनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और आपसी भाईचारे में है। ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करे।
उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और भारतीय संस्कृति से भी जुड़ा हुआ मुद्दा है। गाय किसानों और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है और उसकी सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़नी चाहिए। सामाजिक सौहार्द के पक्ष में लिया फैसला भाजपा नेता ने उम्मीद जताई कि तमिलनाडु सरकार मद्रास हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक कदम उठाएगी।
शाहनवाज हुसैन के इस बयान के बाद सुपौल में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अदालत के आदेश का स्वागत करते हुए इसे सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के पक्ष में लिया गया फैसला बताया है।


