![]()
पूर्णिया में एक सड़क दुर्घटना में मीशो का डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पूर्णिया के राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। टक्कर मारने वाला मालवाहक वाहन चालक मौके से फरार हो गया। यह घटना पूर्णिया जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिशाबाड़ी के पास बुधवार देर रात हुई। एक अज्ञात मैजिक वाहन ने बाइक सवार डिलीवरी बॉय को पीछे से टक्कर मार दी। घायल युवक की पहचान गुलाबबाग जीरोमाइल निवासी मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है। उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डिलीवरी बॉय सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। घायल इरफान के चाचा मोहम्मद शोएब ने बताया कि इरफान डिलीवरी पार्सल का काम खत्म कर घर लौट रहा था। गुलाबबाग मेंफेयर होटल के पास अज्ञात मैजिक ने उसे टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे जीएमसीएच पहुंचाया। जीएमसीएच टीओपी थाना प्रभारी कृत्यानंद पासवान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि युवक के परिजन घटना के संबंध में आवेदन देते हैं, तो पुलिस निश्चित तौर पर कानूनी कार्रवाई करेगी।

