![]()
बिहार के पूर्णिया में शुभम कुशवाहा गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो पेशेवर शूटरों को असम के गुवाहाटी से गिरफ्तार किया है। घटना 23 जुलाई की शाम मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक पर हुई थी। जदयू नेता अमरेंद्र कुशवाहा और वार्ड पार्षद राखी देवी के बेटे शुभम कुशवाहा, उनके मामा सागर कुशवाहा पर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस के अनुसार, इन शूटरों ने हत्या की नीयत से हमला किया था। गिरफ्तार किए गए शूटरों को अब पूर्णिया लाया जा रहा है। गुवाहाटी के फ्लैट से दबोचे गए शूटर एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर के नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) ने कार्रवाई करते हुए दोनों शूटरों को गुवाहाटी के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार शूटरों में से एक की पहचान कुख्यात अपराधी देवा के रूप में हुई है। पुलिस दोनों शूटरों को ट्रांजिट रिमांड पर पूर्णिया ला रही है, जहां उनसे सघन पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से घटना के पीछे की मुख्य साजिश और इसके मास्टरमाइंड का पूरा खुलासा होगा। 23 जुलाई को चली थी शुभम और सागर पर गोली 23 जुलाई की शाम करीब 8:00 बजे नेवालाल चौक पर घात लगाए अपराधियों ने जदयू नेता के पुत्र शुभम कुशवाहा और उनके मामा सागर कुशवाहा पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। गोलियों से मामा-भांजा (शुभम और सागर) दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। गोली लगने के बावजूद सागर कुशवाहा ने हिम्मत दिखाते हुए खुद गाड़ी चलाकर शुभम को अस्पताल पहुंचाया। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए कसबा स्थित एक निजी अस्पताल (मैक्स-7) में भर्ती कराया गया था। एसआईटी का गठन और पुलिस कार्रवाई घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने तुरंत सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की और पूर्व में भी कई स्थानीय आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले पर जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने बताया कि फिलहाल अनुसंधान जारी होने के कारण इस मामले में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती है, लेकिन शुभम गोलीकांड के मुख्य शूटरों को असम से गिरफ्तार कर लिया गया है।

