![]()
शेखपुरा में करंडे थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लुटोत मसाडी गांव में छापेमारी कर देवर-भौजाई को गिरफ्तार किया है। इन पर 8 माह पहले उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर एक शराब कारोबारी को छुड़ाने और चार पुलिसकर्मियों को घायल करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिश्री चौधरी उर्फ मिशो चौधरी के पुत्र विक्की कुमार और उसकी भौजाई संगीता देवी के रूप में हुई है। शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई थी पुलिस थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि यह घटना गत अगस्त माह में हुई थी। उत्पाद विभाग की एक टीम गांव में शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान एक शराब कारोबारी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया था। जब छापामार दस्ता गिरफ्तार कारोबारी को लेकर गांव से लौट रहा था, तभी बड़ी संख्या में शराब कारोबारियों ने पुलिस टीम पर पथराव किया। उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर उत्पाद विभाग के एक एएसआई और तीन जवानों को घायल कर दिया था। हमलावरों ने पकड़े गए कारोबारी को बलपूर्वक छुड़ा लिया था। 8 माह से फरार चल रहे थे देवर-भाभी इस घटना के संबंध में घायल पुलिसकर्मी द्वारा स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में विक्की कुमार और संगीता देवी पिछले 8 माह से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपी अरियरी थाना क्षेत्र स्थित एक रिश्तेदार के घर छिपे हुए थे। थाना अध्यक्ष के अनुसार, हाल ही में दोनों आरोपी अपने घर वापस लौटे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को पुलिस निगरानी में शेखपुरा जेल भेज दिया गया है।


