![]()
शेखपुरा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब सभी सरकारी और निजी विद्यालय सुबह 6:30 बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह आदेश 22 अप्रैल से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। जिलाधिकारी शेखर आनंद ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत यह निर्देश जारी किए हैं। इसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। दोपहर 11:30 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि पर रोक रहेगी। ”छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना” जिलाधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण आम जनजीवन और छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों का पुनर्निर्धारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इस बीच, मंगलवार दोपहर सिरारी रेलवे स्टेशन के पास एक 65 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग राहगीर तेज गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर पड़े। सदर प्रखंड के कैथवा गांव निवासी राजेश कुमार, जिनकी सिरारी में हार्डवेयर की दुकान है, ने उन्हें देखा। ई-रिक्शा से सिरारी चौक स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया राजेश कुमार ने आसपास के लोगों की मदद से बुजुर्ग को ई-रिक्शा से सिरारी चौक स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। बुजुर्ग की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उनका इलाज जारी है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भीषण गर्मी के मद्देनजर आवश्यक सावधानियां बरतने और बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

