Thursday, October 8, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

श्री राम दरबार मंदिर के प्रारूप के पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा


भास्कर न्यूज|लोहरदगा दुर्गा पूजा को लेकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पूजा पंडालों के निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पंडाल निर्माण में जुटे कारीगर दिन-रात मेहनत कर इसे भव्य, आकर्षक रूप देने में लगे हैं। पंडालों को अलग-अलग थीम पर तैयार किया जा रहा है। कहीं झारखंड की लोक संस्कृति और आदिवासी विरासत की झलक देखने को मिलेगी। कहीं प्राकृतिक सुंदरता, पारंपरिक कलाओं के साथ कई मंदिरों को पंडाल की सजावट का हिस्सा बनाया जा रहा है। बांस, कपड़े, थर्मोकोल, लकड़ी और अन्य सजावटी सामग्रियों से पंडाल को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। पूजा समितियों के सदस्यों की देखरेख में पंडाल के ढांचे को तैयार किया जा रहा है। विद्युत सज्जा, रंग-रोगन और आसपास की साफ-सफाई का काम भी चल रहा है। पंडाल निर्माण के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा, पूजा सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। भास्कर प्रतिनिधि ने शहरी क्षेत्र के मां चंडी नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति, मिशन चौक द्वारा की जा रही तैयारी का जायजा लिया। बताया गया कि समिति वर्ष 2009 से लगातार पूजा का आयोजन करती आ रही है। समिति इस वर्ष भी अध्यक्ष निशीथ जायसवाल, सचिव राकेश सिंघल, कोषाध्यक्ष उज्ज्वल बंसल के नेतृत्व में भव्य पूजा का आयोजन करेगी। पूजा प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मिशन चौक में भव्य श्री राम दरबार मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। इसी मंदिर का प्रारूप पंडाल के रूप में बनाया जा रहा है। पंडाल की खास बात यह होगी कि यह पंडाल दो तरफ से एक जैसा दिखेगा। पंडाल की चौड़ाई 40 फीट और ऊंचाई 45 फीट होगी। इसके अलावा पंडाल परिसर को आकर्षक, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इससे पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठेगा। पंडाल परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। समिति के संरक्षक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार निगरानी करते दिखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूजा भक्तिमय माहौल में संपन्न की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles