![]()
समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। खबर मिलते ही मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर ले जाया गया। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टर दशरथ कुमार सिंह ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत बताया। वहीं, दूसरे घायल का प्राथमिक इलाज किया गया। उसकी हालत गंभीर थी, इसलिए परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। मृतक 5 जबकि घायल सात बच्चों का है पिता मृतक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रुपौली बनघारा वार्ड सात निवासी शंकर दास के 45 वर्षीय बेटे सुशील दास के तौर पर हुई है। घायल की पहचान स्वर्गीय रामप्रीत राय के 46 वर्षीय बेटे शिवनाथ राय के तौर पर की गई है। मृतक के चचेरे भाई मनोज दास ने बताया कि सुशील दास मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। वहीं, घायल शिवनाथ राय खेती करते हैं और उनके सात बच्चे हैं। सुशील और शिवनाथ किसी काम से मुसरीघरारी आए थे गुरुवार को दोनों किसी काम से मुसरीघरारी आए थे। काम खत्म होने के बाद दोनों एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हुरैया पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इस दौरान कार चालक गाड़ी को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से भाग गया। प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा घायल का इलाज घटना की सूचना मुसरीघरारी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने सुशील दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवनाथ राय की गंभीर स्थिति को देखते हुए आपातकालीन वार्ड में उपचार शुरू किया गया। बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर चले गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक और घायल के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए। सुशील दास की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले सुशील की मौत से उनके पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। इस संबंध में मुसरीघरारी की प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि हुरैया पेट्रोल पंप के पास स्विफ्ट डिजायर कार और बाइक के बीच टक्कर हुई है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार कार चालक के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है।
समस्तीपुर- कार और बाइक की टक्कर में एक की मौत:दूसरा घायल; मुसरीघरारी से काम कर लौट रहे थे दोनों, हादसे के बाद कार जब्त, ड्राइवर फरार
