![]()
समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में बुधवार रात सड़क हादसे में 32 साल के युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने छोटे भाई और अपने एक दोस्त के साथ दलसिंहसराय में मेला घूमने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है। मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा वार्ड-4 के रहने वाले संजीव वर्मा के बेटे अमन वर्मा के रूप में हुई है। अमन पटना की एक नॉन-बैंकिंग कंपनी में लोन फाइनेंसर के रूप में काम करता था। घायलों की पहचान मृतक के छोटे भाई चमन वर्मा और उसके दोस्त रवि कुमार के रूप में हुई है। दोनों का इलाज चल रहा है। एक ही बाइक पर मेला देखने निकले थे तीनों मृतक के छोटे भाई निवास वर्मा ने बताया कि अमन वर्मा अपनी ससुराल दरभंगा से गांव पगड़ा आए हुए थे। बुधवार रात अमन अपने छोटे भाई चमन और दोस्त रवि कुमार के साथ बाइक से मेला देखने के लिए घर से निकले थे। तीनों बाइक से दलसिंहसराय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमन वर्मा को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चमन वर्मा और रवि कुमार घायल हो गए। पुलिस ने कार जब्त की घटना की सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार सुबह सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे में शामिल कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। डीएसपी ने कहा- कार और बाइक की टक्कर में हुई मौत दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि कार और बाइक के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
समस्तीपुर- कार-बाइक की टक्कर में बैंककर्मी मौत:दलसिंहसराय में मेला देखने जा रहे थे, बाइक पर सवार भाई और दोस्त गंभीर रूप से घायल
