सिटी रिपोर्टर | बोकारो सोमवार को डीसी कार्यालय में डीडीसी शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतिम डाटा एंट्री प्रक्रियाओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अप्रैल माह के निर्धारित लक्ष्यों के आधार पर अभियान से जुड़े पांच प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों के आंकड़ों की गहन समीक्षा की गई। डीडीसी ने संबंधित विभागों द्वारा की गई प्रगति, डाटा अद्यतन की स्थिति तथा शेष प्रविष्टियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए डाटा प्रविष्टि कार्य शत-प्रतिशत सटीक एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना आवश्यक है। सभी संबंधित विभागों को अंतिम चरण की प्रविष्टियों में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़ों की समीक्षा कर उनके समुचित संकलन व अपलोडिंग की स्थिति पर भी चर्चा की गई। साथ ही अभियान के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ करने पर बल दिया। समीक्षा बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, डीएसई आदि मौजूद थे।

