Top 5 This Week

Related Posts

सम्राट चौधरी के CM बनने पर समर्थकों ने मनाया जश्न:शेखपुरा में केक काटकर और मिठाइयां बांटकर जताई खुशी, तेज विकास का दावा


बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा नेता सम्राट चौधरी के शपथ लेने पर शेखपुरा में समर्थकों ने जश्न मनाया। बुधवार देर शाम शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र के कमासी गांव में समर्थकों ने सामूहिक रूप से केक काटा और लोगों के बीच मिठाइयां बांटी। इस कार्यक्रम का नेतृत्व शेखपुरा नगर परिषद के वार्ड पार्षद चंदन कुमार कुशवाहा ने किया। मौके पर प्रमोद कुमार, डॉ. परमेश्वर कुमार, महेंद्र प्रसाद, रवींद्र कुमार, मो. नजाम, मो. कमरू खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पक्ष में जमकर नारेबाजी भी की। ”सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार का विकास और तेजी से होगा” समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा-जेडीयू गठबंधन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार की बागडोर एक तेजतर्रार और कर्मठ नेता सम्राट चौधरी को सौंपकर करोड़ों बिहारवासियों की आशाओं के अनुरूप कार्य किया है। वक्ताओं ने यह भी दावा किया कि नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी ही बिहार का चौतरफा विकास करने और राज्य में अमन-चैन कायम रखने में सक्षम होंगे। वार्ड पार्षद चंदन कुमार कुशवाहा ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार का विकास और तेजी से होगा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

Spread the love

Popular Articles