सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। इस घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज पतरघट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। यह घटना पतरघट प्रखंड की विशनपुर पंचायत के कपसिया वार्ड संख्या-11 में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार दोपहर बाद सभी किसान खेत में काम कर रहे थे। अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवा से बचने के लिए सभी पास के एक आम के बगीचे में चले गए। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया
इसी दौरान अचानक जोरदार आकाशीय बिजली गिरी। वज्रपात की चपेट में आने से 50 वर्षीय रामप्रवेश यादव, पिता दानी यादव, की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कपसिया गांव के निवासी थे। इस हादसे में दानी यादव (70), रंजीत झा (47), जटाशंकर रजक (30) और मंजी कुमार (38) गंभीर रूप से झुलस गए। ये सभी भी कपसिया गांव के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पतरघट थाना अध्यक्ष शशि कुमार, अपर थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पीएचसी प्रभारी डॉ. बबीता कुमारी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया है। गांव में इस प्राकृतिक आपदा के कारण दुख का माहौल है।

