![]()
सांसद ढुलू महतो ने दावा किया है कि उन्हें गैंगस्टर प्रिंस खान से कई बार धमकियां मिली हैं। उन्होंने धनबाद के सर्किट हाउस में शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। ढुलू महतो के अनुसार, उन्हें 1 जुलाई को भी धमकी मिली थी और इससे पहले भी कई बार ऐसे कॉल आ चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने धनबाद के एसएसपी और केंद्रीय गृह मंत्री को लिखित शिकायत दी है। सांसद ने बताया कि उन्हें दिल्ली जाते समय फोन पर धमकी मिली थी। शुक्रवार शाम को भी एक विदेशी नंबर से कॉल आया था। उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी अपनी पार्टी के शीर्ष नेताओं और पुलिस अधिकारियों को पहले ही दे दी है। धमकी भरा मैसेज भेजा भाजपा सांसद ढुलू महतो ने दावा किया है कि उन्हें प्रिंस खान ने एक धमकी भरा मैसेज भेजा है। मैसेज में लिखा है कि सुन ले रे ढुलू महतो, मैं प्रिंस खान दुबई से बोल रहा हूं। हमको भी पैसा चाहिए, नहीं तो दोबारा कॉल-मैसेज नहीं करेंगे। 24 घंटे में रिजल्ट देंगे। और सुना, कोयला का काम कैसा चल रहा है।” राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ढुलू महतो ने मांग की कि अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सांसद और विधायक जैसे जनप्रतिनिधियों को धमकी मिल रही है, तो राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार प्रभावी कदम उठाती है, तो केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग करेगी और अपराधी को कहीं से भी पकड़कर लाया जाएगा। सांसद ने यह भी कहा कि कुछ लोग उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने धनबाद को अपराध मुक्त बनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। ढुलू महतो ने जोर देकर कहा कि धनबाद में विकास कार्य किसी भी कीमत पर नहीं रुकेंगे और किसी को भी विकास में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। विकास कार्यों पर बात करते हुए सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट, पुल-पुलिया और फ्लाईओवर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, न कि अनावश्यक बयानबाजी पर। उन्होंने गयापुल-मटकुरिया, गोविंदपुर और निरसा फ्लाईओवर परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन लोगों से अपना योगदान बताने को कहा जो इन परियोजनाओं का श्रेय ले रहे हैं। अंत में, उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
