![]()
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड अंतर्गत राजो पंचायत के वार्ड 12 में भीषण आग लगने से एक मवेशी और एक चार-पहिया वाहन जलकर राख हो गया। इस घटना में रिक्शा चालक वसीम अहमद का परिवार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यह घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। अग्निशमन विभाग की गाड़ियां ग्रामीणों द्वारा आग बुझाए जाने के बाद मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका आरोप है कि विभाग सिर्फ बिजली बिल वसूलने आता है, लेकिन तारों की मरम्मत या शॉर्ट सर्किट की जांच नहीं करता, जिससे ऐसी घटनाएं बढ़ती हैं। पीड़ित परिवार के सदस्य जियाउद्दीन ने बताया कि वसीम अहमद एक रिक्शा चालक हैं और उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से मवेशी और एक चार-पहिया वाहन खरीदा था। आगजनी में उनका मवेशी, वाहन, गेहूं, भूसा, अनाज, कपड़े और घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया। वसीम अहमद के अनुसार, उन्हें लगभग लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को सूचित कर दिया गया था। स्थानीय लोग और पीड़ित परिवार प्रशासन तथा बिजली विभाग से तत्काल मुआवजे की मांग कर रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवार को रहने-सहने और जीवन-यापन के लिए सहायता मिल सके।

