Thursday, July 23, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

सिक्किम टनल हादसे में हजारीबाग के जागेश्वर ठाकुर की मौत:परिजनों ने आर्थिक सहायता, नौकरी और निष्पक्ष जांच की मांग की


सिक्किम के नामची जिले में 20 जुलाई को निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जल विद्युत परियोजना की टनल में हुए हादसे में झारखंड के कई मजदूर मारे गए। इनमें हजारीबाग जिले के बरही विधानसभा क्षेत्र स्थित तिलैया बस्ती निवासी जागेश्वर ठाकुर भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर उनके गांव में शोक छा गया। जानकारी के अनुसार, समरडुंग स्थित एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन हेड रेस टनल में मीथेन गैस रिसाव के बाद विस्फोट हुआ। हादसे के समय जागेश्वर ठाकुर पटेल कंस्ट्रक्शन कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। वह पिछले दो से तीन वर्षों से इस परियोजना में काम कर रहे थे और अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। हादसे के बाद शुरुआती सूचना में जागेश्वर ठाकुर को लापता बताया गया था, लेकिन बाद में उनकी मौत की पुष्टि हो गई। मृतक के पुत्र राहुल ठाकुर सिक्किम पहुंच चुके हैं, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि जागेश्वर ठाकुर की पत्नी को अभी पूरी घटना की जानकारी नहीं दी गई है। रिश्तेदार और ग्रामीण उन्हें संभालने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने झारखंड तथा सिक्किम सरकार से मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार का भविष्य अब सरकारी सहयोग पर निर्भर है। पड़ोसी सिद्धू कुमार दास ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि टनल निर्माण से पहले सुरक्षा मानकों और गैस की वैज्ञानिक जांच हुई थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल परिजन जागेश्वर ठाकुर के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, झारखंड और सिक्किम सरकार के समन्वय से एम्बुलेंस के माध्यम से शव सड़क मार्ग से हजारीबाग लाया जा रहा है। शुक्रवार तक पार्थिव शरीर गांव पहुंचने की संभावना है । उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles