![]()
सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा (रामविलास) विधायक अमित कुमार रानू से जुड़े ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की है। जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने विधायक के मुजफ्फरपुर स्थित आवास और बेलसंड स्थित कार्यालय में तलाशी ली, जहां से हथियार बरामद होने की बात सामने आई है। सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक पिस्तौल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ था विवाद मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, निर्माणाधीन मकानों की बाउंड्री तोड़ने और जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले की जांच के लिए पुलिस ने कोर्ट से सर्च वारंट हासिल किया था। दो गिरफ्तार, विधायक के भाई की भूमिका की जांच कार्रवाई के दौरान नन्हे सिंह और छोटू यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों के विधायक अमित कुमार रानू के साथ बनाए गए कई रील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। पुलिस इस मामले में पहले ही दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, विधायक के भाई सोनू सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जमीन से जुड़े दस्तावेज भी मिले छापेमारी के दौरान जमीन और प्रॉपर्टी से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिलने की बात पुलिस ने बताई है। अब पुलिस बरामद हथियारों, दस्तावेजों और गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
