![]()
भोजपुर जिले के एमडीजे पब्लिक स्कूल, लोहई टोला अमरपुरी बाली सोनवर्षा में शुक्रवार को सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में मेधावी छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टॉपर्स सहित सभी सफल विद्यार्थियों को माला पहनाकर, प्रशस्ति पत्र, गोल्ड मेडल, स्मृति चिन्ह और गिफ्ट बॉक्स देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों और शिक्षकों की मौजूदगी ने समारोह को और खास बना दिया। साथ ही साथ निदेशक की ओर से घोषणा की गई कि सीबीएसई कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को कक्षा 11 और 12 में बिना कोई स्कूल फीस लिए बिल्कुल फ्री शिक्षा दी जाएगी। विवेक कुमार स्कूल टॉपर बने विद्यालय के इस वर्ष के परिणाम में विवेक कुमार ने 94.4 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल टॉपर बने हैं। वहीं निशा कुमारी 94.2 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और आदर्श श्रीवास्तव 92.2 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा आरूषी कुमारी (91.8%), रिया कुमारी (86.6%), मोहम्मद सरफराज आलम (85.8%), रोहन कुमार (85.2%), दिव्या कुमारी (83.9%), अनुष्का कुमारी और कुमार अमन राज (83.6%), अमिताभ मिश्रा (82.4%), आदर्श राज (81.8%), बालाजी शर्मा (81.6%), पल्लवी कुमारी (81.5%), आलोक कुमार (81.2%), आयुष पांडे (80%) और शुभम कुमार (79.4%) सहित कई विद्यार्थियों ने बेहतरीन अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। 173 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में पास किया विद्यालय के निदेशक डॉ. नंद कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कुल 315 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया, जिसमें सभी ने सफलता हासिल कर शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। इनमें से 173 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जो विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की कड़ी मेहनत और विद्यार्थियों की लगन को दिया। उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी समारोह के दौरान डॉ. सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने माता-पिता और शिक्षकों का नाम रोशन करें। कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक मुन्ना कुमार ने किया। मौके पर प्राचार्या सुमति सिंह समेत विद्यालय के सभी शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
टॉपर विवेक कुमार आईएस बनाना चाहते टॉपर विवेक ने बताया कि मैं आगे चलकर आईएस ऑफिसर बनकर देश की सेवा करना चाहता हूं। मेरी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय मेरे शिक्षक और मेरे माता-पिता को जाता है। शिक्षकों के सही मार्गदर्शन में नियमित रूप से पढ़ाई करना ही सफलता की कुंजी है। मुझे लगता है कि बहुत ज्यादा दबाव या घंटों पढ़ाई करने की जरूरत नहीं होती, बल्कि अगर कोई छात्र रोजाना करीब पांच घंटे भी ध्यान से पढ़ाई करे तो अच्छे परिणाम हासिल कर सकता है। हमारे स्कूल के सभी शिक्षक हर समय सहयोग करते हैं, जिससे पढ़ाई आसान हो जाती है। मेरे मम्मी-पापा का भी इस उपलब्धि में बहुत बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया। मैं अपने जूनियर साथियों से कहना चाहूंगा कि पढ़ाई को लेकर ज्यादा तनाव लेने की जरूरत नहीं है।

