![]()
सीवान में बुधवार की आधी रात को पति ने सो रही पत्नी के चेहरे पर तेजाब जैसा ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल दिया। इसके बाद दर्द से कराहती महिला को 12 घंटे तक घर में ही तड़पने के लिए छोड़ दिया। आखिरकार पड़ोस की एक महिला की मदद से गुरुवार की शाम पीड़िता ने अपने मायके सूचना पहुंचाई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को घर से बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल महिला की पहचान नवलपुर निवासी दिलीप राम की पत्नी छोटी कुमारी(25) के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के चेहरे का लगभग 17 से 18 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़िता की मां बीजान्ती देवी ने बताया कि उनकी बेटी के दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद कोई काम नहीं करता और परिवार का खर्च मायके से भेजे गए पैसों से चलता है। गुरुवार की शाम बेटी ने किसी तरह पड़ोस की चाची के मोबाइल से फोन कर घटना की जानकारी दी। वे जब ससुराल पहुंचे तो देखा कि बेटी का आधा चेहरा बुरी तरह झुलस चुका था और वह असहनीय दर्द से तड़प रही थी। पुलिस ने आरोपी पति को लिया हिरासत में परिजनों का आरोप है कि जब वे बेटी को इलाज के लिए ले जाने लगे तो ससुराल पक्ष ने रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरोपित पति को हिरासत में लिया। घायल महिला को पहले बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा वहां से बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल भेजा। मां ने बताया कि बुधवार की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब तीन बजे छोटी कुमारी की आंख चेहरे में तेज जलन होने पर खुली। उसने देखा कि उसके चेहरे और बिस्तर पर कोई तेजाब जैसा ज्वलनशील पदार्थ पड़ा है। नीचे बिछी चादर भी जल चुकी थी। पास में सो रहे उसके छोटे बेटे के चेहरे पर भी हल्के जलने के निशान मिले हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति ने पहले उसके चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और बाद में केवल पानी डालकर मामला छिपाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गया। आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना प्रभारी, एफएसएल की टीम और बाद में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पीड़िता से अस्पताल में भी पूछताछ की। एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि महिला के प्रारंभिक बयान के अनुसार, उसके पति ने सोते समय चेहरे पर तेजाब जैसा ज्वलनशील पदार्थ डाला। डॉक्टरों के मुताबिक महिला का चेहरा 17-18 प्रतिशत तक झुलसा है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस यह जांच कर रही है कि इस्तेमाल किया गया पदार्थ वास्तव में तेजाब था या कोई अन्य ज्वलनशील रसायन। मामले की वैज्ञानिक और कानूनी दोनों स्तरों पर गहन जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

