Wednesday, May 20, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सोनुवा में ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आया मजदूर, मौत:बिजली विभाग के काम के दौरान हुआ हादसा, यूपी का था रहने वाला


पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह एनएच-320डी पर स्थित गोलमुंडा कुनुसाई के पास हुई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला निवासी 22 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है। पवन कुमार सोनुवा क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे कार्य में लगा हुआ था। इस परियोजना के तहत पुराने बिजली खंभों और जर्जर तारों को हटाकर नई केबल लाइन बिछाई जा रही है। यह कार्य उत्तर प्रदेश के ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है। बुधवार सुबह पवन कुमार अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली से बिजली विभाग का सामान कार्यस्थल पर ले जा रहा था। वह ट्रैक्टर इंजन के पास चालक के साथ बैठा था। रास्ते में अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और पवन कुमार नीचे गिर गया। इससे पहले कि वह संभल पाता, पीछे चल रही ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से पवन कुमार को तुरंत चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन चाईबासा ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सोनुवा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी इस दुखद घटना की जानकारी दे दी है। साथी मजदूरों में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles