![]()
लावालौंग| लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम पंचायत भवन के समीप लगाए गए सोलर पावर प्लांट से 240 बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेडुम गांव निवासी अजीत यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मामले के दूसरे आरोपी पवन तुरी के घर छापेमारी कर 13 सोलर बैटरी और दो सोलर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार चोरी की शेष बैटरियों की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सिमरिया इंस्पेक्टर पंकज कच्छप ने प्रेस वार्ता में बताया कि 8 सितंबर को जेरेडा कंपनी के मैनेजर राहुल ने हेडुम गांव में स्थापित सोलर पावर प्लांट से 240 बैटरी चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गुप्त सूचना पर फरार आरोपी गिरफ्तार : वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अजीत यादव जोरी के पैनी गांव स्थित अपनी बहन के घर में रह रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अजीत यादव से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी पवन तुरी के घर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार पवन तुरी पूर्व में सोलर प्लेट लगाने वाली कंपनी में काम करता था। तलाशी के दौरान उसके घर से 13 सोलर बैटरी और दो सोलर प्लेट बरामद की गईं।पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की शेष बैटरियों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
सोलर प्लांट से 240 बैटरी चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार
