![]()
नवादा के वारसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुरा गांव में पति ने अपनी पत्नी और साले पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी पूजा कुमारी (27) की मौत हो गई, जबकि साला नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति चंद्रमौली सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूजा कुमारी के शरीर पर लगभग एक दर्जन चाकू से वार के निशान मिले हैं। मृतक की पहचान चंद्रमौली सिंह की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। मृतक पूजा कुमारी के पिता उपेंद्र सिंह ने अपने दामाद चंद्रमौली सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि चंद्रमौली सिंह और उसके ससुराल वाले उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और अक्सर 10 लाख रुपए की मांग करते थे। सो रही पत्नी पर चाकू से किया वार उपेंद्र सिंह के मुताबिक, चार महीने पहले भी विवाद हुआ था। गुरुवार रात को फिर विवाद होने पर पुलिस की मदद से पूजा को उसके मायके लाया गया था। मायके में पूजा अपने कमरे में सो रही थी, तभी चंद्रमौली सिंह अचानक वहां पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। पूजा की चीख सुनकर उसका भाई नीतीश कुमार बचाने आया तो चंद्रमौली ने उसे भी पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह भी जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। परिजनों ने पूजा और नीतीश को पावापुरी मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। नीतीश की हालत गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पूजा कुमारी और चंद्रमौली सिंह की शादी 2018 में वारसलीगंज क्षेत्र के चैनपुरा गांव में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनकी एक तीन साल की बेटी भी है। वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि मृतक के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
