![]()
किशनगंज में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ की शुरुआत की गई। समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और जीविका दीदियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। डीएम ने पौधारोपण कर दिया स्वच्छता का संदेश डीएम नवीन कुमार और अपर समाहर्ता ने समाहरणालय परिसर में पौधे लगाए। डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। हर साल 100 घंटे श्रमदान का संकल्प शपथ के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने हर साल 100 घंटे यानी प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया। सभी ने यह भी शपथ ली कि वे खुद गंदगी नहीं करेंगे और दूसरों को भी गंदगी फैलाने से रोकेंगे। घर से शुरू होगी स्वच्छता की मुहिम डीएम ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता की शुरुआत अपने घर और परिवार से करें। इसके बाद मोहल्ले, गांव और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की भागीदारी से ही स्वच्छ किशनगंज और स्वच्छ भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। जीविका दीदियों ने निकाली जागरूकता रैली कार्यक्रम के बाद स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने समाहरणालय परिसर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर महिलाएं विभिन्न रास्तों और सरकारी कार्यालयों से होते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचीं। यहां रैली का समापन हुआ। गांधीजी के स्वच्छ भारत के सपने का लिया संकल्प शपथ के दौरान महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को याद करते हुए लोगों ने देश को स्वच्छ और विकसित बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, जिला योजना पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस, डीआरडीए निदेशक, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार एसबीएम और एलएसबीए समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वच्छता ही सेवा अभियान की किशनगंज में शुरुआत:किशनगंज में खुद पौधे रोपें और 100 घंटे श्रमदान की डीएम ने दिलाई शपथ
