![]()
हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कुद गांव में शुक्रवार देर रात एक प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान कुद गांव निवासी धीरज कुमार और हुडहूडू निवासी जया कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, धीरज और जया के बीच कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार देर रात दोनों एक कमरे में फंदे से लटके मिले। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें नीचे उतारा और तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक धीरज कुमार के भाई नीरज यादव ने बताया कि उन्हें धीरज और जया के प्रेम प्रसंग की जानकारी थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस विषय पर अपने भाई से बात भी की थी और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच उन्हें यह खबर मिली कि दोनों ने यह कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। पुलिस फिलहाल मृतकों के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की सटीक वजहों का पता लगाया जा सके। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

