![]()
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र की खरना पंचायत अंतर्गत बारा गांव में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान भुनेश्वर महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर महतो रात के समय गांव के पास थे, तभी हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान हाथियों ने उन्हें पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के इलाके में भय का माहौल है। मृतक के परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के झुंड के आसपास न जाएं, रात के समय विशेष सतर्कता बरतें तथा हाथियों की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
