स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को हवेली खड़गपुर नगर मुख्यालय में करीब 1.2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गयी, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने आंबेडकर चौक से पटेल चौक तक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पैदल यात्रा की. उनके साथ मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी कदम से कदम मिलाते नजर आए. तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय ध्वज से सराबोर रहा.
नंदलाल बसु और डॉ. आंबेडकर को किया नमन
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से राजकीय श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय परिसर पहुंचे. वहां से काफिले के साथ नंदलाल बसु चौक पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध चित्रकार नंदलाल बसु की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद मुख्यमंत्री आंबेडकर चौक पहुंचे, जहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामा और तिरंगा यात्रा में शामिल हो गये.
आंबेडकर चौक से पटेल चौक तक गूंजता रहा देशभक्ति का जोश

तिरंगा यात्रा आंबेडकर चौक से शुरू होकर लालू एकता पार्क, थाना मोड़ और पुरानी चौक होते हुए पटेल चौक तक पहुंची. मुख्यमंत्री हाथों में तिरंगा लेकर सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ते रहे. उनके आगे और पीछे सुरक्षा कर्मियों का कड़ा घेरा रहा.
यात्रा में मुंगेर जिले के प्रभारी मंत्री सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, मुंगेर सदर विधायक कुमार प्रणय, जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल, विधान पार्षद लालमोहन गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मुस्तैद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आयुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहे. यात्रा के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की लगातार निगरानी की गयी.
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए निर्धारित मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गयी थी. यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए भी पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को लगाया गया था.
हजारों बच्चों ने तिरंगा थामकर किया स्वागत

तिरंगा यात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य सड़क के दोनों ओर हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिये खड़े हजारों स्कूली छात्र-छात्राएं रहे. विभिन्न विद्यालयों के बच्चे कतारबद्ध होकर मुख्यमंत्री की यात्रा का इंतजार करते नजर आए. मुख्यमंत्री के पहुंचते ही बच्चों और आम नागरिकों में उत्साह और बढ़ गया.
यात्रा मार्ग पर देशभक्ति गीतों की गूंज और हवा में लहराते तिरंगों ने पूरे नगर को उत्सवमय बना दिया. हर घर तिरंगा अभियान की झलक भी जगह-जगह देखने को मिली.
राष्ट्रभक्ति के रंग में डूबा पूरा हवेली खड़गपुर
आंबेडकर चौक से पटेल चौक तक निकली तिरंगा यात्रा के दौरान हवेली खड़गपुर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर रहा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों और आम नागरिकों तक सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया. मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने यात्रा के उत्साह को और बढ़ा दिया और पूरा नगर राष्ट्रीय ध्वज के रंग में रंगा नजर आया.
The post हवेली खड़गपुर में हाथों में तिरंगा लेकर 1.2 किमी पैदल चले CM, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिखा देशभक्ति का जोश appeared first on Prabhat Khabar.

