धनबाद में बीती रात सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत के बाद शुक्रवार की सुबह लोग आक्रोशित हो गए और रोड जाम कर दिया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हरिणा हीरक चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी हाइवा ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इधर, सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल
घटना बाघमारा स्थित बरोरा थाना क्षेत्र में जमुआटांड़-हरिणा हीरक सड़क मार्ग पर हुई। इस दुर्घटना में खोनाठी बस्ती निवासी विनोद महतो के पुत्र सौरभ कुमार की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज धनबाद में चल रहा है। दोनों ही कार में सवार थे। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार की रात हुआ, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ड्राइवर हाइवा समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुट गई। पुलिस ने सड़क मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्ध हाइवा की पहचान की। जांच के दौरान दुर्घटना में शामिल हाइवा मुराईडीह वर्कशॉप के पास लावारिस हालत में खड़ा मिला। सीसीटीवी फुटेज से मिलान के बाद पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है।

