![]()
झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की मेरिट लिस्ट की विसंगतियों की जांच के लिए बनाई गई वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमीशन ने शनिवार को मामले की सुनवाई की। कमीशन के अध्यक्ष हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जस्टिस गौतम कुमार चौधरी की अदालत ने ऑनलाइन सुनवाई की। इस दौरान जेएसएससी की ओर से विषयवार और कोटिवार संशोधित स्टेट वाइज मेरिट लिस्ट कमीशन को सौंपी गई। कमीशन ने स्पष्ट किया कि अदालत के आदेश का पूर्ण अनुपालन करते हुए डेटा कमीशन को उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं राज्य सरकार ने भी अभ्यर्थियों के डेटा के आधार पर शपथ पत्र दाखिल करते हुए आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए हैं। इस पर कमीशन ने कहा कि यह संशोधित सूची प्रार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही कमीशन ने कहा कि 4 अक्टूबर से मामले की रोजाना सुनवाई होगी। मालूम हो कि हाईकोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने मीना कुमारी व अन्य से जुड़ी 257 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सेवानिवृत्त जस्टिस गौतम कुमार चौधरी की अध्यक्षता में वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमीशन गठित किया था।
हाई स्कूल शिक्षक नियुक्ति मामला:फैक्ट फाइंडिंग कमीशन ने कहा-4 अक्टूबर से रोजाना होगी सुनवाई
