![]()
कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड स्थित पपलो पंचायत में हाथियों के झुंड ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने 4 एकड़ भूमि में लगे करीब 400 फलदार आम के पेड़ों को नष्ट कर दिया, जिससे किसानों को लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पपलो निवासी श्याम बिहारी यादव उर्फ लालू यादव ने बताया कि हाथियों का झुंड रात में पपलो पंचायत से सटे किसानों की आम की बागवानी में घुस गया। उन्होंने बताया कि हाथियों ने बलजीत यादव के डेढ़ एकड़ में लगे लगभग 150 आम के पेड़, बिरंची यादव के 2 एकड़ में लगे 200 आम के पेड़ और उनके अपने आधे एकड़ में लगे 40 से 45 आम के पेड़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए। इस उत्पात में बलजीत यादव को करीब 6 लाख रुपए, बिरंचि यादव को लगभग 8 लाख रुपए और श्याम बिहारी यादव को करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। खंडराडीह निवासी गोपाल यादव ने भी बताया कि हाथियों के झुंड ने उनके खेतों में लगे सोलर पंप के सेट को भी नष्ट कर दिया। इससे उन्हें लगभग ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है। लोग भय के साए में जीने को मजबूर कोडरमा जिले में बीते दो वर्षों से हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों द्वारा फसल, झोपड़ी और बागवानी को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं। बताते चलें कि उक्त आम के बागवान में 2020 में मनरेगा योजना के तहत पौधे लगाए गए थे। इसमें बड़े पैमानें पर आम के फल लदे हुए थे। वहीं, सोलर पम्प सेट को कुशुम योजना अंतर्गत खेतों में फसलों के पटवन के लिए लगाया गया था। सोलर सिस्टम के हाथीयों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद किसानो को अब खेतों में लगे फसलो के पटवन की चिंता सताने लगी है। इधर, उपरोक्त सभी किसानों ने वन विभाग से इनके बागवानी में हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की है।


