![]()
डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू चौक के पास दो कारों की भीषण टक्कर के बाद सड़क पर भारी विवाद खड़ा हो गया। इस हादसे में झारखंड हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता अमृता सिंह चोटिल हो गईं। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 10 सितंबर की दोपहर करीब 3:00 से 3:15 बजे के बीच की है। अधिवक्ता अमृता सिंह हाईकोर्ट से अपनी कार से घर लौट रही थीं। हिनू चौक के पास जैसे ही उन्होंने यू-टर्न लिया, सामने से आ रही तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी कार उछलकर सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अमृता सिंह के मुताबिक, हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस दौरान फॉर्च्यूनर चालक ने उनके साथ बदसलूकी की। वहीं, दूसरी ओर फॉर्च्यूनर चालक अरुण कच्छप ने भी थाने में अमृता सिंह के खिलाफ आवेदन सौंपा है। चालक का आरोप है कि अमृता सिंह ने अचानक और बेहद लापरवाही से यू-टर्न लिया। ब्रेक लगाने के बावजूद टक्कर नहीं रुक सकी। चालक ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद अधिवक्ता ने उन्हें धमकी दी और जातिसूचक अपशब्द कहे।
हिनू चौक पर 2 कारों में टक्कर, महिला वकील और चालक दोनों ने किया केस
