![]()
महामहिम बोले- कोयलांचल को खनन के साथ ज्ञान और इनोवेशन का भी केंद्र बनाएं बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विवि (बीबीएमकेयू) का तीसरा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को संस्थान परिसर में हुआ। मुख्य अतिथि कुलाधिपति सह राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 104 गोल्ड मेडलिस्ट सहित कुल 149 टॉपरों को मंच से डिग्रियां प्रदान कीं। इनमें 99 छात्राएं शामिल थीं। ममता कुमारी को विवि की पहली डी. लिट की उपाधि से नवाजा गया। डुमरी विधायक जयराम महतो सहित कुल 45 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई। पीजी के दो बेस्ट मेडल अंजलि प्रकाश व नेहा कुमारी को और यूजी के लिए कुमारी रिंकू को दिया गया। बाकी 31,777 छात्र-छात्राएं अपने कॉलेजों और विभागों से डिग्री प्राप्त करेंगे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी असली पहचान केवल डिग्रियों से नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए किए गए आपके योगदान से होगी। हमें कोयलांचल को सिर्फ कोयला खनन तक सीमित न रखकर ज्ञान, शोध और इनोवेशन का नया केंद्र बनाना है। मौके पर कुलपति डॉ. राम कुमार सिंह, रजिस्ट्रार डॉ. राधानाथ त्रिपाठी, डीएसडब्ल्यू डॉ. पुष्पा कुमारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. धनंजय कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
103 गोल्ड मेडलिस्ट समेत 149 टॉपरों को डिग्री:राज्यपाल बोले- डिग्रियों से नहीं, समाज-देश में योगदान से ही होगी असली पहचान
