![]()
भास्कर न्यूज |गिरिडीह जिले में 14 अप्रैल से मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 14 से 21 अप्रैल के बीच भीषण गर्मी का असर बना रहेगा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे अधिक रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने के कारण सुबह के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। साफ आसमान के चलते सुबह 6 बजे से ही तेज धूप का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अप्रैल को जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन और वज्रपात की आशंका भी बनी रहेगी। 20 से 22 अप्रैल तक हवा की गति सामान्य से अधिक रह सकती है, जो 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं 22 और 23 अप्रैल को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है। मौसम सलाहकार मधुकर कुमार ने कहा कि 24 अप्रैल के बाद मौसम साफ होने की संभावना है, लेकिन इसके साथ ही तापमान में तेजी से वृद्धि होगी और लू चलने की स्थिति बन सकती है। तैयार फसल की कटाई समय पर कर लें किसान: मधुकर कृषि सलाहकार मधुकर कुमार ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि तेज हवा और बारिश से खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है। खासकर गेहूं की तैयार फसल की कटाई जल्द कर सुरक्षित स्थान पर रखने की जरूरत है। साथ ही पशुपालकों को भी अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि आंधी और वज्रपात से बचाव हो सके।


