![]()
मोतिहारी शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर गुरुवार को जिला और पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। सदर एसडीओ अरुण कुमार, डीएसपी दिलीप कुमार, नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, ट्रैफिक थाना के अपर थानाध्यक्ष उदय कुमार और नगर निगम के अधिकारियों की टीम सड़क पर उतरी और जाम वाले इलाकों का निरीक्षण किया। बलुआ बाजार ओवरब्रिज के नीचे सबसे ज्यादा अतिक्रमण अधिकारियों ने सबसे पहले बलुआ बाजार ओवरब्रिज के नीचे का जायजा लिया। यहां सड़क किनारे अवैध दुकानें, ठेले और रिक्शे खड़े मिले। कई जगहों पर पार्किंग के लिए सड़क की जगह घेर ली गई थी। अधिकारियों ने इसे जाम का प्रमुख कारण माना। प्रशासन ने अवैध दुकान लगाने और पार्किंग के लिए जगह घेरने वालों को दो दिनों का समय दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन खुद कार्रवाई करेगा। नगर निगम की गाड़ियों से हटेगा अतिक्रमण सदर एसडीओ अरुण कुमार ने कहा कि दो दिनों के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर निगम की गाड़ियों की मदद से उसे हटाया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने सड़क किनारे ठेला लगाने वालों के लिए अलग वेंडिंग जोन तैयार करने की जानकारी दी है। ठेला संचालकों को इसी निर्धारित जगह पर दुकान लगाने का निर्देश दिया जाएगा। टेंपू के लिए तय स्टैंड जरूरी टेंपू चालकों को भी सड़क पर कहीं भी वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने उन्हें निर्धारित स्टैंड पर ही टेंपू लगाने को कहा है। अधिकारियों की टीम ने शहर में जाम के कारणों को मौके पर देखा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का फोकस सड़क की जगह घेरने वाले अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग को हटाने पर है। लगातार चलेगा अभियान एसडीओ ने कहा कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने शहरवासियों से भी सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक अतिक्रमण और सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े किए जाने से जाम की समस्या बढ़ती है। लोगों के जागरूक होने से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
'2 दिन में अतिक्रमण हटाओ, नहीं तो चलेगा बुलडोजर':मोतिहारी में प्रशासन का अल्टीमेटम, ठेला वालों के लिए बनेगा अलग वेंडिंग जोन
