राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती को उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने के लिए चार दिनों तक अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े। आरोप है कि पुलिस एक-दूसरे थाना क्षेत्र का हवाला देकर उसे टालती रही और आखिरकार दैनिक भास्कर की पड़ताल के बाद गुरुवार को मामला दर्ज किया गया। पीड़िता के अनुसार, उसने 15 जून को सबसे पहले साइबर थाना में शिकायत दी, जहां से उसे बरियातू थाना भेज दिया गया। बरियातू पुलिस ने मामला लालपुर थाना क्षेत्र का बताते हुए वहां जाने को कहा। इसके बाद 16 जून को वह अपनी मां के साथ लालपुर थाना पहुंची और लिखित आवेदन सौंपा, लेकिन आवेदन लेकर उसे फाइल में रख दिया गया और कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को जब दैनिक भास्कर ने लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह से मामले की जानकारी मांगी, तो पहले उन्होंने अनभिज्ञता जताई। बाद में थाने के कर्मियों को आवेदन तलाशने का निर्देश दिया गया और रिपोर्टर की मौजूदगी में आनन-फानन में प्राथमिकी दर्ज की गई। हालांकि पुलिस ने आवेदन की प्रति उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया, जिससे कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए। मामला मो. कैफ नामक युवक द्वारा कथित उत्पीड़न से जुड़ा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर उसे परेशान करता है। सोशल मीडिया पर उसके नाम से फर्जी आईडी बनाकर बदनाम कर रहा है और घर के आसपास आकर धमकियां भी देता है। इन घटनाओं के बाद युवती और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

