Thursday, May 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

3 बार CM रहे जगन्नाथ मिश्रा के बेटे बने मंत्री:5वीं बार झंझारपुर के विधायक नीतीश मिश्रा सम्राट कैबिनेट में शामिल, चाचा रहे थे रेल मंत्री


मधुबनी जिले के झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार विधायक चुने गए नीतीश मिश्रा को सम्राट कैबिनेट में मंत्री बनाया गया है। वे बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रहे डॉ. जगन्नाथ मिश्रा के बेटे हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र उनके चाचा थे। राजनीतिक और सामाजिक विरासत वाले परिवार से आने के कारण बचपन से ही उनका जुड़ाव सार्वजनिक जीवन से रहा। नीतीश मिश्रा का परिवार मूल रूप से दरभंगा जिला के केवटी प्रखण्ड के नयागांव का निवासी माना जाता है। हालांकि परिवार के सदस्य सैकड़ों वर्ष पहले सुपौल जिले के बलुआ घाट जाकर बस गए थे और वहीं स्थायी रूप से रहने लगे। वर्तमान समय में दरभंगा के नयागांव में उनके परिवार की कोई विशेष संपत्ति या स्थायी निवास नहीं बताया जाता है। झंझारपुर से लगातार सक्रिय राजनीति नीतीश मिश्रा लंबे समय से झंझारपुर की राजनीति में सक्रिय हैं। वे यहीं से चुनाव लड़ते रहे हैं और क्षेत्र में ही उनका आवास भी है। वे झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता भी हैं। स्थानीय राजनीति, संगठनात्मक पकड़ और जनता से लगातार संपर्क के कारण उन्होंने क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक आधार तैयार किया। विदेश से एमबीए, फिर राजनीति में प्रवेश राजनीति में आने से पहले नीतीश मिश्रा ने विदेश में रहकर एमबीए की पढ़ाई की। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने करीब 30 वर्ष पहले सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। शुरुआती दौर में वे अपने पिता द्वारा गठित जन कांग्रेस से जुड़े। बाद में उन्होंने अलग-अलग राजनीतिक दलों में काम किया। वे पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से जुड़े, फिर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) में गए और वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। चुनावी राजनीति में हार और जीत दोनों का अनुभव लंबे राजनीतिक सफर में नीतीश मिश्रा को जीत के साथ-साथ हार का भी सामना करना पड़ा। वे दो बार विधानसभा चुनाव हार चुके हैं, लेकिन लगातार राजनीतिक सक्रियता बनाए रखी। इसके बाद उन्होंने झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र में मजबूत वापसी करते हुए लगातार पांचवीं बार विधायक बनने का रिकॉर्ड कायम किया। कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं बिहार सरकार में नीतीश मिश्रा कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे वर्ष 2005, 2015 और 2020 में मंत्री पद पर रह चुके हैं। अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने पर्यटन विभाग, उद्योग विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, गन्ना उद्योग विभाग तथा आपदा प्रबंधन विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का नेतृत्व किया। प्रशासनिक अनुभव और विकास योजनाओं को लेकर उनकी कार्यशैली को उनकी राजनीतिक पहचान माना जाता है। परिवार और निजी जीवन नीतीश मिश्रा का विवाह दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड में हुआ है। उनकी पत्नी गृहिणी हैं। परिवार में तीन भाई और तीन बहनें हैं। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहे हैं। राजनीतिक विरासत के साथ नई पीढ़ी के नेता राजनीतिक विरासत वाले परिवार से आने के बावजूद नीतीश मिश्रा ने अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। संगठनात्मक राजनीति, प्रशासनिक अनुभव और क्षेत्रीय पकड़ के कारण वे मिथिलांचल की राजनीति में एक महत्वपूर्ण नेता माने जाते हैं। लगातार पांचवीं बार विधायक चुना जाना उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता और जनाधार को दर्शाता है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles