
पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीरभूम जिले के फरार पत्थर व्यापारी टुलू मंडल के ससुराल पक्ष से जुड़े लोगों के घरों पर बुधवार को छापेमारी की. यह कार्रवाई मंडल के रिश्तेदार के मकान से लगभग 50 करोड़ रुपए की नकदी और सोना बरामद होने से जुड़े मामले की जांच के तहत की गयी है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी.
जिला पुलिस और एसटीएफ ने 3 घरों पर मारे छापे
अधिकारी के अनुसार बीरभूम जिला पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संयुक्त रूप से 3 घरों पर छापे मारे. अधिकारी ने बताया कि सुबह मंडल के ससुर नूरूल आलम, साले मिंटू शेख और रिश्तेदार नूरूल इस्लाम के घरों की तलाशी ली गयी. छापेमारी के दौरान जांचकर्ताओं को एक संदिग्ध बैग मिला, जिसकी जांच की जा रही है.
घर में नहीं मिला टुलू का साला मिंटू शेख
हालांकि, नूरूल आलम ने संवाददाताओं से कहा कि उसके घर से कुछ भी जब्त नहीं किया गया है. उसने कहा- हमारे घर में कुछ भी नहीं है. उन्होंने यहां से कुछ भी बरामद या जब्त नहीं किया. एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि जब एसटीएफ की टीम मिंटू शेख के घर पहुंची, तो वह वहां मौजूद नहीं था.
ये भी पढ़ें: बीरभूम का पत्थर माफिया टुलू मंडल निकला नं-1 आयकरदाता, जानें कितना कमाया और कितना भरा टैक्स
टुलू के बहनोई के घर से मिला था सोना और नकदी
पुलिस अधिकारी ने कहा कि काफी देर तक इंतजार करने के बाद टीम ने घर की तलाशी ली और परिवार के कई सदस्यों से पूछताछ की. यह छापेमारी उस विस्तृत जांच का हिस्सा है, जो टुलू मंडल के बहनोई मिनार मंडल के मकान से भारी मात्रा में नकदी और सोने की बरामदगी के बाद शुरू की गयी, जिसकी कीमत लगभग 50 करोड़ रुपए आंकी गयी है.
ये भी पढ़ें: बीरभूम : पत्थर कारोबार में घोटाले का आरोप, टुलू मंडल के नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस को शक- टैक्स चोरी करके टुलू ने बनायी संपत्ति
जांचकर्ताओं को शक है कि मंडल ने पत्थर के कारोबार से जुड़े टैक्स की चोरी करके अकूत संपत्ति जुटायी है. वे उन संपत्तियों और कीमती चीजों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें कथित तौर पर रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों की मदद से छिपाकर रखा गया है. सिउड़ी के सुभाषपल्ली में मंडल के मकान की भी तलाशी ली गयी है.
ये भी पढ़ें: टूलू मंडल के दिहाड़ी मजदूर से पत्थर कारोबार का बेताज बादशाह बनने की पूरी कहानी
टुलू मंडल से जुड़ी 220 करोड़ की संपत्ति जब्त : एसपी
बीरभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिदित राज बुंदेश ने बताया कि अब तक टुलू मंडल से जुड़ी लगभग 220 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की जा चुकी है. इसमें मीनार मंडल के घर से बरामद नकद और सोना भी शामिल है. जांच जारी है. टुलू मंडल का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं. इस मामले में पुलिस ने अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.
ये भी पढ़ें: सरकारी बस के पूर्व ड्राइवर के घर मिले 15 किलो सोना, 5.5 करोड़ रुपए, देखें तस्वीरें
The post 50 करोड़ बरामदगी मामले में टुलू मंडल के ससुरालवालों के घरों पर छापे, मिला संदिग्ध बैग appeared first on Prabhat Khabar.

