खगड़िया में पुलिस ने अवैध तस्करी और अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेलदौर और परबत्ता थाना क्षेत्रों में अलग-अलग छापेमारी में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप, अवैध हथियार और भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है।
.
इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बेलदौर थाना क्षेत्र में डायल 112 की टीम ने गश्ती के दौरान पनसल्वा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा करने पर एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
प्लास्टिक के बोरे से कफ सिरप बरामद
पकड़े गए युवक की तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद प्लास्टिक के बोरे में 174 बोतल Triprolidine Hydrochloride Codeine Phosphate कफ सिरप बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पनसल्वा वार्ड नंबर 07 निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। इस मामले में बेलदौर थाना कांड संख्या 196/26 दर्ज किया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में बेलदौर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बलैठा गांव निवासी रौशन कुमार के घर छापेमारी की। इस दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
हथियार के बल पर परिजन को दे रहा था धमकी
आरोप है कि रौशन कुमार हथियार के बल पर अपने परिजनों को धमकी दे रहा था। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बेलदौर थाना कांड संख्या 197/26 दर्ज कर शस्त्र अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बेलदौर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर डायल 112 टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद की।
शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई
परबत्ता थाना क्षेत्र के कन्हैयाचक गांव में भी पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अमरेश चौधरी के घर पहुंची और वहां से 36.330 लीटर विदेशी शराब बरामद की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान घर के बरामदे में रखे लकड़ी के बक्से से विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद की गई। इस मामले में परबत्ता थाना कांड संख्या 236/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परबत्ता थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि घर में शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां घर में रखे बक्से से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, हथियार और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा

